Site icon Jharkhand LIVE

रांची में 580 बिजली के खंभों पर लगेंगे OFC केबल, 31 अक्टूबर तक आवेदन का मौका

राजधानी रांची में बिजली के खंभों पर ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) लगाने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने आवेदन आमंत्रित किये हैं. इसके तहत निर्धारित मार्ग पर करीब 580 बिजली के खंभों पर केबल लगाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी किया जायेगा. टेलीकॉम कंपनियां, एजेंसियां और केबल ऑपरेटर 31 अक्टूबर 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं. इस संबंध में रांची विद्युत आपूर्ति अंचल की ओर से नोटिस जारी किया गया है.

कांके रोड से अरगोड़ा चौक तक निर्धारित हुआ मार्ग

जेबीवीएनएल ने OFC केबल लगाने के लिए कांके रोड स्थित राम मंदिर चौक (प्रेमसंस मोटर) से अरगोड़ा चौक तक का मार्ग निर्धारित किया है. इस दौरान किशोरगंज चौक, सहजानंद चौक और हरमू चौक होते हुए सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभों पर केबल लगाने की अनुमति दी जायेगी.

आवेदन करने वाली कंपनियों और एजेंसियों को प्रस्तावित केबल की संख्या, प्रत्येक खंभे पर लगायी जाने वाली केबल की संख्या, केबल का आकार, प्रति इकाई लंबाई का वजन और अन्य तकनीकी विवरण देना अनिवार्य होगा. आवेदन के साथ निर्धारित दस्तावेज भी जमा करने होंगे.

एक खंभे पर अधिकतम आठ OFC केबल लगाने की अनुमति

निगम के निर्देश के अनुसार, एक बिजली के खंभे पर अधिकतम आठ OFC केबल लगाने की अनुमति दी जायेगी. यदि आवेदकों की संख्या निर्धारित सीमा से अधिक होती है, तो तकनीकी व्यवहार्यता के आधार पर सबसे अधिक किराया देने वाले आवेदक को प्राथमिकता दी जा सकती है.

केबल लगाने के दौरान जेबीवीएनएल के सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा. जमीन से केबल की न्यूनतम ऊंचाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप रखनी होगी. इसके अलावा झारखंड हाइकोर्ट में डब्ल्यूपी (पीआइएल) संख्या 4313/2025 से संबंधित आदेश का अनुपालन करना अनिवार्य होगा.

पूरे मार्ग के सभी खंभों के लिए करना होगा आवेदन

जेबीवीएनएल ने स्पष्ट किया है कि आवेदन में निर्धारित मार्ग के सड़क किनारे स्थित सभी बिजली के खंभों को शामिल करना होगा. केवल चुनिंदा खंभों या मार्ग के किसी आंशिक हिस्से के लिए आवेदन स्वीकार नहीं किया जायेगा. इसके साथ ही प्रत्येक केबल पर उचित अंतराल पर पहचान चिह्न लगाना अनिवार्य होगा, ताकि केबल की पहचान करने में आसानी हो और सार्वजनिक एवं विद्युत सुरक्षा बनी रहे.

इंस्टॉलेशन से लेकर सामग्री तक का खर्च कंपनियां उठायेंगी

OFC केबल लगाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, क्लैंप, ब्रैकेट और इंस्टॉलेशन सहित सभी खर्च संबंधित टेलीकॉम कंपनी या आवेदक को उठाने होंगे. इसके अलावा न्यूनतम वार्षिक किराया, सिक्योरिटी राशि और अन्य शुल्क जेबीवीएनएल के निर्धारित नियमों के अनुसार लिये जायेंगे.

केबल लगाने की अनुमति की वैधता पोल शेयरिंग एग्रीमेंट में निर्धारित अवधि तक रहेगी. निगम ने किसी भी आवेदन को स्वीकार या अस्वीकार करने का अधिकार सुरक्षित रखा है. साथ ही, बिना कारण बताये जारी अनुमति या एनओसी को रद्द भी किया जा सकता है.

Exit mobile version