राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जल निकासी प्रणाली को दुरुस्त करने के लिए रांची नगर निगम (RMC) ने अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अरगोड़ा और बरियातू रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पांच अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया, जबकि अतिक्रमण करने वालों से कुल 11 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

नगर निगम की टीम ने अरगोड़ा चौक से डीपीएस स्कूल मार्ग तक अभियान चलाकर नालियों के ऊपर बने अवैध पक्के और अस्थायी निर्माणों को हटाया। इस दौरान पांच दुकानों पर बुलडोजर चलाया गया। वहीं सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखकर आवागमन बाधित करने वालों पर 6 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसके अलावा बरियातू रोड स्थित रिम्स अस्पताल के आसपास भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यहां फुटपाथ और सड़क पर कब्जा कर लगाए गए अस्थायी काउंटर, ठेले और अन्य सामान जब्त किए गए। यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणकारियों से 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि मुख्य सड़कों, फुटपाथों और नालियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और यातायात के अनुकूल बनाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

नगर निगम ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।