Site icon Jharkhand LIVE

रांची में बनेगा आवागमन का नया रास्ता, न्यू पुंदाग-सेल सिटी पुल से विधानसभा और हाईकोर्ट जाना होगा आसान

राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और विभिन्न इलाकों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में एक और पहल की जा रही है. न्यू पुंदाग-सेल सिटी और जगन्नाथ विहार कॉलोनी के पास बन रहा नया पुल और संपर्क मार्ग जल्द लोगों के लिए शुरू हो सकता है. इसके अगले एक-दो महीने में बनकर तैयार होने की उम्मीद है. इसके चालू होने से सेल सिटी सहित आसपास की कई कॉलोनियों और बस्तियों में रहने वाले हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी.

बारिश से पहले ही पुल के दोनों छोर पर मिट्टी भरकर रास्ता तैयार कर दिया गया था. इसके बाद स्थानीय लोगों ने इस मार्ग का इस्तेमाल भी शुरू कर दिया है. हालांकि, पुल और सड़क का विधिवत उद्घाटन होना अभी बाकी है. निर्माण कार्य पूरा होने और मार्ग पूरी तरह चालू होने के बाद लोगों को आने-जाने के लिए एक नया वैकल्पिक रास्ता मिल जायेगा.

विधानसभा, हाईकोर्ट और स्टेडियम जाना होगा आसान

नया संपर्क मार्ग शुरू होने के बाद कूटे विस्थापित कॉलोनी होते हुए जगन्नाथपुर मंदिर, झारखंड विधानसभा, विधायक आवासीय परिसर, नया सराय और रिंग रोड तक पहुंचना आसान होगा. इसके अलावा झारखंड हाईकोर्ट, जेएससीए क्रिकेट स्टेडियम और पारस एचईसी अस्पताल जाने वाले लोगों को भी एक वैकल्पिक रास्ता मिलेगा. इससे मुख्य सड़कों और व्यस्त चौराहों पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है.

इन कॉलोनियों को मिलेगा सीधा फायदा

नये पुल और संपर्क मार्ग से सेल सिटी आवासीय कॉलोनी, जगन्नाथ विहार कॉलोनी, महावीर नगर, ऋषभ नगर, भास्कर पथ, न्यू पुंदाग, कूटे, नया सराय और पुंदाग बस्ती के लोगों को फायदा होगा. इसके अलावा राज्य निर्वाचन आयोग, गायत्री शक्तिपीठ, मनोकामना मंदिर, शिव मंदिर, साइट फोर, एमबीए क्लब प्लेग्राउंड, विद्यालय मार्ग, रोड नंबर-6 और रोड नंबर-2 के आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी आवागमन आसान होगा.

पुंदाग से अरगोड़ा और कटहल मोड़ पहुंचना होगा आसान

इस नये संपर्क मार्ग से साईं मंदिर होते हुए पुंदाग बस्ती, अरगोड़ा चौक और कटहल मोड़ की ओर जाना भी आसान हो सकेगा. फिलहाल इन इलाकों के लोगों को कई प्रमुख स्थानों तक पहुंचने के लिए मुख्य सड़कों का सहारा लेना पड़ता है. नया रास्ता शुरू होने के बाद दूरी और समय दोनों की बचत होने की उम्मीद है.

जाम से राहत मिलने की उम्मीद

नया पुल और संपर्क मार्ग पूरी तरह चालू होने के बाद पुंदाग और अरगोड़ा की मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो सकता है. सेल सिटी, रिंग रोड, विधानसभा और एचईसी क्षेत्र के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी. रोजाना नौकरी, कारोबार, स्कूल-कॉलेज और अस्पताल जाने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा. ऐसे में यह मार्ग आसपास के हजारों लोगों के लिए आवागमन का एक महत्वपूर्ण विकल्प बन सकता है.

Exit mobile version