राजधानी रांची के व्यावसायिक गलियारे से बड़ी खबर सामने आयी है. सर्कुलर रोड स्थित शहर का चर्चित न्यूक्लियस मॉल 375 करोड़ रुपये में बिक गया है. इसे झारखंड के रियल एस्टेट इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी डील माना जा रहा है. मॉल के पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल ने इसकी रजिस्ट्री धनबाद के कारोबारी विवेक कुमार सिंह की कंपनी वीए डिस्क्रिट प्राइवेट लिमिटेड के नाम कर दी है. इस सौदे के साथ ही 1.60 एकड़ जमीन पर बने न्यूक्लियस मॉल का मालिकाना हक बदल गया है.
जिला निबंधन कार्यालय में पूरी हुई रजिस्ट्री
रांची जिला निबंधन कार्यालय में शुक्रवार को इस बड़े कारोबारी सौदे की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी हुई. 375 करोड़ रुपये के इस सौदे पर खरीदार पक्ष की ओर से 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और 11.25 करोड़ रुपये निबंधन शुल्क के रूप में जमा किये गये. इस तरह रजिस्ट्री के माध्यम से राज्य सरकार के खजाने में कुल 26.25 करोड़ रुपये का राजस्व आया.
धनबाद के कारोबारी विवेक कुमार सिंह ने खरीदा मॉल
न्यूक्लियस मॉल के नये खरीदार विवेक कुमार सिंह हैं. उनकी कंपनी वीए डिस्क्रिट प्राइवेट लिमिटेड के नाम मॉल की रजिस्ट्री हुई है. विवेक कुमार सिंह को धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह का करीबी रिश्तेदार बताया जाता है. इस सौदे के बाद मॉल का मालिकाना हक अब नयी कंपनी के पास चला गया है.
2017 में शुरू हुई थीं व्यावसायिक गतिविधियां
लालपुर स्थित सर्कुलर रोड पर बने न्यूक्लियस मॉल का निर्माण आदर्श हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड ने कराया था. 12 फरवरी 2017 को यहां व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हुई थीं. इसके बाद से ही यह मॉल रांची के प्रमुख शॉपिंग, मनोरंजन और खान-पान के केंद्र के रूप में स्थापित हुआ. करीब एक दशक में इसने राजधानी के खुदरा कारोबार में अपनी अलग पहचान बनायी.
मॉल में 88 दुकानें और 29 कियोस्क संचालित
वर्तमान में न्यूक्लियस मॉल परिसर में 88 दुकानें और 29 कियोस्क संचालित हैं. यहां देश-विदेश के कई प्रमुख ब्रांड के शोरूम और व्यावसायिक प्रतिष्ठान मौजूद हैं. मॉल के स्वामित्व में हुए इस बड़े बदलाव से रांची के कारोबारी और रियल एस्टेट जगत में हलचल है. 375 करोड़ रुपये की इस डील ने झारखंड के प्रॉपर्टी बाजार में नयी चर्चा शुरू कर दी है.

