Site icon Jharkhand LIVE

पुलिस ने रांची के इस ‘बार’ की छापेमारी, मचा हड़कंप

राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित लूप बार में शनिवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रांची पुलिस ने अचानक छापेमारी की। भारी संख्या में पुलिस बल को एक साथ बार परिसर में पहुंचते देख वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ लोग पुलिस को देखकर इधर-उधर छिपने की कोशिश करते नजर आए।

दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लूप बार में शहर के कुछ कुख्यात अपराधी जमा हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान लालपुर, सदर, कोतवाली और लोअर बाजार थाना समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। पुलिस ने बार के अंदर मौजूद हर एक व्यक्ति की सघन तलाशी ली। इसके साथ ही सभी संदिग्ध लोगों के पहचान पत्र की जांच की गई और उनके आपराधिक रिकॉर्ड का मिलान पुलिस के डेटाबेस से किया गया।
पुलिस टीम ने बार के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। वीआईपी केबिन, बार काउंटर, स्टोर रूम और पार्किंग एरिया तक की बारीकी से जांच की गई, ताकि किसी प्रकार का हथियार, नशीला पदार्थ या अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की जा सके। हालांकि, छापेमारी के दौरान पुलिस को क्या-क्या मिला है, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच के दौरान किसी अपराधी की मौजूदगी या किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद बार संचालकों और शहर के अन्य बार-रेस्टोरेंट संचालकों में भी हलचल देखने को मिली है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई को शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Exit mobile version