Site icon Jharkhand LIVE

रांची स्टेशन रोड होगा चौड़ा, होटल बीएनआर की चहारदीवारी टूटेगी, सड़क निर्माण के लिए ली जायेगी 30 मीटर जमीन

रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और विस्तारीकरण की योजना के तहत स्टेशन रोड की सूरत बदलने की तैयारी शुरू हो गयी है। इसके तहत होटल बीएनआर चाणक्य से रेलवे स्टेशन स्थित फूड प्लाजा तक सड़क को 22 मीटर चौड़ा किया जायेगा। सड़क चौड़ीकरण के लिए करीब 30 मीटर जमीन ली जायेगी। इसके लिए गुरुवार को रेलवे अधिकारियों ने संबंधित जमीन की मापी की।

सड़क चौड़ीकरण की जद में होटल बीएनआर चाणक्य की चहारदीवारी भी आयेगी, जिसे तोड़ा जायेगा। इसके अलावा स्टेशन परिसर में भी कई बदलाव किये जायेंगे। रेलवे का उद्देश्य स्टेशन के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ यात्रियों की आवाजाही सुगम करना है।

फुट ओवरब्रिज के नीचे बनेंगे दो टिकट काउंटर

स्टेशन के विस्तारीकरण के तहत वर्तमान मुख्य प्रवेश द्वार को भी तोड़ा जायेगा। इस दौरान यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी नहीं हो, इसके लिए पार्किंग में बने फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के नीचे अस्थायी रूप से दो टिकट काउंटर बनाये जायेंगे। इसके अलावा यात्रियों को साउथ साइड से भी रेल टिकट लेने की सुविधा मिलेगी।

वर्तमान मुख्य प्रवेश द्वार भी टूटेगा

सड़क चौड़ीकरण और स्टेशन के पुनर्विकास के दौरान वर्तमान मुख्य प्रवेश द्वार को हटाया जायेगा। इससे यात्रियों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन रोड चौड़ा होने से यात्रियों को आने-जाने में सुविधा होगी।

साउथ गेट के पास से हटेंगे 80 अवैध निर्माण

रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित साउथ गेट के आसपास भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जायेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे करीब 80 लोगों को मौखिक रूप से निर्माण हटाने को कहा गया है। उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर रेलवे प्रशासन अवैध निर्माण हटायेगा।

अतिक्रमण हटने के बाद साउथ गेट के आसपास आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी। इससे स्टेशन के इस हिस्से में यात्रियों और वाहनों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।

Exit mobile version