दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रांची और शालीमार के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। ट्रेन संख्या 08616/08615 रांची-शालीमार-रांची पूजा स्पेशल का परिचालन 14 अक्टूबर से शुरू होगा। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में 14-14 फेरे लगाएगी।

रांची से यह पूजा स्पेशल ट्रेन हर बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। वहीं, शालीमार से ट्रेन का परिचालन हर गुरुवार और शनिवार को किया जाएगा। रांची से ट्रेन 14 अक्टूबर से 27 नवंबर तक और शालीमार से 15 अक्टूबर से 28 नवंबर तक चलेगी।

रांची से रात 11 बजे खुलेगी ट्रेन

ट्रेन संख्या 08616 रांची-शालीमार पूजा स्पेशल रांची से रात 11 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन नामकोम, टाटीसिलवे, मुरी, झालिदा, कोटशिला, बोकारो स्टील सिटी और आद्रा होते हुए सुबह 6:10 बजे खड़गपुर पहुंचेगी। इसके बाद सांतरागाछी होते हुए सुबह 8:30 बजे शालीमार पहुंचेगी।

शालीमार से रात 10:15 बजे होगी रवाना

वापसी में ट्रेन संख्या 08615 शालीमार-रांची पूजा स्पेशल रात 10:15 बजे शालीमार से रवाना होगी। ट्रेन सांतरागाछी, खड़गपुर, आद्रा, बोकारो स्टील सिटी, कोटशिला, झालिदा, मुरी, टाटीसिलवे और नामकोम होते हुए सुबह 7:55 बजे रांची पहुंचेगी।

16 कोच की होगी पूजा स्पेशल ट्रेन

रांची-शालीमार पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे। इनमें दो एसएलआरडी, चार सामान्य श्रेणी, सात द्वितीय श्रेणी स्लीपर, दो वातानुकूलित 3-टियर और एक वातानुकूलित 2-टियर कोच शामिल हैं। रेलवे के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। इससे झारखंड से पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।