Site icon Jharkhand LIVE

धनतेरस पर रांची के अपर बाजार में चारपहिया वाहनों की नो एंट्री, 8 नवंबर तक बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था

धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किये गये हैं। शहर में लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया है। रांची ट्रैफिक एसपी राकेश कुमार सिंह ने 5 नवंबर को इस संबंध में निर्देश जारी किया है।

जारी निर्देश के अनुसार, 6 से 8 नवंबर तक शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में विशेष बदलाव लागू रहेंगे। अपर बाजार में चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है। यहां 6 से 8 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे से रात 12 बजे तक चारपहिया वाहनों की नो एंट्री रहेगी

इन मार्गों पर मालवाहक वाहनों की रहेगी रोक

रेडियम चौक से सुजाता चौक के बीच सभी प्रकार के छोटे और बड़े मालवाहक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, पूरे रांची शहर में सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

इसके अलावा विक्रांत चौक से काली मंदिर चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने पर जरूरत के अनुसार कुछ समय के लिए रूट डायवर्ट भी किया जा सकता है।

धनतेरस पर 500 जवान संभालेंगे सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था

धनतेरस के अवसर पर शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाये रखने के लिए 500 जवानों की तैनाती की गयी है। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए शहर में 1200 ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। पुलिस का प्रयास है कि त्योहार के दौरान बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को जाम और यातायात संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Exit mobile version