Site icon Jharkhand LIVE

RIMS में 2025 एडमिशन घोटाले की जांच तेज, CID टीम ने डीन ऑफिस और दस्तावेजों की खंगाली फाइलें

राजधानी रांची के बरियातू स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब झारखंड CID की टीम जांच के लिए संस्थान पहुंची। वर्ष 2025 की मेडिकल नामांकन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और गड़बड़ियों की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है। पिछले वर्ष अभ्यर्थियों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच की मांग लगातार उठ रही थी।

सूत्रों के अनुसार, CID की टीम एडमिशन प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों, अभिलेखों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की फर्जीवाड़ा, नियमों की अनदेखी या अनियमितता तो नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया था कि वर्ष 2025 में फर्जी दस्तावेजों और कथित अनियमित प्रक्रियाओं के जरिए कुछ छात्रों का दाखिला कराया गया। शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक जांच शुरू की गई थी, जिसके बाद अब CID ने मामले की विस्तृत जांच तेज कर दी है।

बताया जा रहा है कि एडमिशन से जुड़े कई अहम दस्तावेज जांच के दायरे में लिए गए हैं। जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से भी पूछताछ की जा सकती है, ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके और जिम्मेदार लोगों की पहचान हो सके।

CID की कार्रवाई के बाद RIMS प्रशासन में हलचल बढ़ गई है। हालांकि अभी तक किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पूरे मामले पर छात्रों, अभिभावकों और स्वास्थ्य विभाग की नजरें टिकी हुई हैं।

Exit mobile version