झारखंड सरकार में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शिक्षा क्षेत्र को लेकर अभिभावकों, शिक्षकों और समाज से संवेदनशील व जागरूक भूमिका निभाने की अपील की है। रांची में जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े हर निर्णय में भविष्य की पीढ़ियों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

मांडर विधानसभा क्षेत्र के लापुंग प्रखंड के सुदूरवर्ती इलाकों में विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना और सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई विद्यालयों में फर्नीचर, खिड़की और दरवाजों की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए जल्द सुधार के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल प्रबंधन, शिक्षक, अभिभावक और समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। साथ ही छात्रों की पढ़ाई और शिक्षा स्तर पर लगातार निगरानी रखने की आवश्यकता बताई।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता भी जांची और स्वयं भोजन चखकर उसकी स्थिति का आकलन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुविधाओं के मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री ने यह भी बताया कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा सुधार को प्राथमिकता दे रही है और इसे बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया कि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत अधिकारियों से संपर्क करें। साथ ही यह भी कहा कि ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि शिक्षा व्यवस्था में ठोस सुधार लाया जा सके।