Site icon Jharkhand LIVE

श्रावणी मेला 2026: पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

राजकीय श्रावणी मेला 2026 की पहली सोमवारी पर झारखंड के बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रशासन के अनुसार, सोमवार देर शाम तक करीब तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने और जलार्पण करने का अनुमान है। मुख्य सावन और बांग्ला सावन के विशेष संयोग के कारण देशभर से शिवभक्त सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा नगरी पहुंचे।

पहली सोमवारी पर तड़के से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। जलार्पण के लिए कतार करीब 10 किलोमीटर तक पहुंच गई, जिसके चलते प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था लागू की।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन को ध्यान में रखते हुए इस बार केवल आंतरिक और बाहरी अर्घा प्रणाली के माध्यम से ही जलार्पण कराया जा रहा है। वहीं पहली सोमवारी पर वीआईपी और आउट-ऑफ-टर्न दर्शन पूरी तरह बंद रखे गए हैं ताकि सभी श्रद्धालुओं को समान अवसर मिल सके।

श्रावणी मेले में पहली बार भीड़ प्रबंधन के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित निगरानी प्रणाली और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के साथ पुलिस और प्रशासन की लगातार निगरानी जारी है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT), अतिरिक्त मजिस्ट्रेट और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं।

राजकीय श्रावणी मेला 2026 का आयोजन 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान सावन की दूसरी सोमवारी 10 अगस्त, तीसरी सोमवारी 17 अगस्त और चौथी सोमवारी 24 अगस्त को पड़ेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Exit mobile version