हॉकी प्रतियोगिता में महिला और पुरुष के दोनों वर्ग में झारखंड बना चैंपियन

झारखंड के खिलाड़ी खेल जगत में लगातार अपना परचम लहरा रहे हैं. राज्य के खिलाड़ी पुरुष और महिला दोनों वर्ग में उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी कड़ी में झारखंड के हॉकी के खिलाड़ियों ने राज्य का नाम रौशन कर दिया है. बता दें कि ईस्ट जोन जूनियर हॉकी प्रतियोगिता में महिला और पुरुष के दोनों वर्ग में झारखंड ने चैंपियन बनकर इतिहास रच दिया है.
झारखंड की दोनों टीमों ने रचा कीर्तिमान
बता दें कि हॉकी झारखंड और जिला प्रशासन खूंटी के संयुक्त तत्वावधान में खूंटी के एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम बिरसा कॉलेज कैंपस में 19 मार्च से प्रथम हॉकी इंडिया जूनियर महिला एवं जूनियर पुरुष पूर्वी क्षेत्र हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था. इसके फाइनल मैच में महिला वर्ग का हॉकी झारखंड और हॉकी मिजोरम के बीच हुआ. दोनों ही टीम दो- दो गोल की बराबरी पर रही. पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड टीम न 2=1 से मैच जीता और चैंपियन बनी. पुरुष वर्ग का फाइनल हॉकी झारखंड और हॉकी एसोसिएशन ऑफ उड़ीसा के बीच खेला गया. इसमें झारखंड टीम 3-1 से मैच जीतकर चैंपियन बना.
झारखंड टीम के दीपक सोरेंग को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड देकर सम्मानित किया गया. फाइनल मैच सह समापन समारोह में खेल मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने प्रतियोगिता में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को सम्मानित किया.