तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में स्थित एक सीफूड फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव की घटना में झारखंड के धनबाद की 29 वर्षीय प्रवासी मजदूर प्रीति देवी की मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे झारखंड के अन्य श्रमिकों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से घर वापस बुलाने की अपील की।
जानकारी के अनुसार, कन्निगैपैर गांव स्थित सेंट पीटर्स पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में झारखंड के कुल 36 प्रवासी श्रमिक कार्यरत थे। हादसे में प्रीति देवी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक कोडामा पीरा अस्पताल में इलाजरत हैं।
घटना के बाद शेष 34 श्रमिकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर झारखंड सरकार से सुरक्षित घर वापसी की गुहार लगाई। मामला सामने आते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य प्रवासी नियंत्रण प्रकोष्ठ को तत्काल कार्रवाई करने और सभी श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रवासी नियंत्रण प्रकोष्ठ के अनुसार, तमिलनाडु सरकार और स्थानीय प्रशासन से संपर्क स्थापित कर लिया गया है। सभी 34 श्रमिकों को रेल मार्ग से सुरक्षित उनके गृह जिलों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।
इस बीच श्रमिकों ने मांग की है कि तमिलनाडु छोड़ने से पहले फैक्ट्री प्रबंधन हादसे से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दे तथा सभी श्रमिकों का बकाया वेतन भी जल्द जारी किया जाए। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

