टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास (Station Redevelopment Project) को लेकर रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। स्टेशन चौक से कीताडीह रोड तक स्थित रेलवे भूमि पर बनी दुकानों को हटाने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने डीआरएम (डिवीजनल रेलवे मैनेजर) के आदेश पर गुरुवार को आरपीएफ जवानों की मौजूदगी में कुल 27 लीजधारी दुकानों को अंतिम नोटिस सौंपा है।
नोटिस में स्पष्ट रूप से 3 जनवरी तक रेलवे की जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया है। यदि तय समयसीमा तक दुकानदार स्वयं दुकान खाली नहीं करते हैं, तो 5 जनवरी को रेलवे बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर सकता है। इस कार्रवाई से स्टेशन चौक से बागबेड़ा थाना मोड़ तक का पूरा इलाका प्रभावित होगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कदम स्टेशन के पुनर्विकास, यातायात व्यवस्था सुधार और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए उठाया जा रहा है। विभाग का कहना है कि अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे यातायात जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
50–60 वर्षों से व्यवसाय कर रहे दुकानदारों में चिंता, दूसरे चरण में 100 से अधिक लोग होंगे प्रभावित
रेलवे की इस कार्रवाई से उन दुकानदारों में गहरी चिंता देखी जा रही है, जो पिछले 50 से 60 वर्षों से रेलवे की जमीन पर व्यवसाय कर रहे हैं। कई दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने वैध लीज पर दुकानें ली थीं और वर्षों से नियमित रूप से व्यवसाय कर रहे हैं। हाल ही में वे अपनी समस्याएं लेकर जमशेदपुर के सांसद से भी मिले, लेकिन उन्हें किसी प्रकार की राहत नहीं मिल सकी।
रेलवे के अनुसार, यह तीसरा और अंतिम नोटिस है। तीसरे नोटिस के बाद चार दुकानदारों ने अपनी दुकानें खाली कर दी हैं, जबकि अन्य दुकानदारों ने वैकल्पिक स्थानों पर व्यवसाय स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू कर दी है। कुछ लोगों ने दूसरे इलाकों में नई दुकानों के लिए जगह भी चिन्हित कर ली है।
बताया जा रहा है कि वर्तमान में स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत स्टेशन चौक से कीताडीह रोड होते हुए रनिंग रूम तक के क्षेत्र में ही कार्रवाई की जा रही है। इस दायरे में कुल 32 दुकानदारों को नोटिस दिया गया है।
रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा। दूसरे चरण में कीताडीह त्रिमूर्ति चौक से पूर्व नाला तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इस चरण में 100 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किया जा चुका है और उन्हें भी रेलवे जमीन खाली करने का आदेश दिया गया है।
गुदड़ी बाजार भी रेलवे के रडार पर
टाटानगर स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत जुगसलाई रोड स्थित गुदड़ी बाजार भी रेलवे के निशाने पर है। हालांकि, फिलहाल यहां के दुकानदारों को कोई औपचारिक नोटिस नहीं दिया गया है। रेलवे से जुड़े जानकारों के मुताबिक, स्टेशन रोड स्थित पेट्रोल पंप के बगल से खासमहल तक नई सड़क निर्माण योजना प्रस्तावित है।
इस योजना के तहत, यातायात सुरक्षा और सुगमता के लिए सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। बर्मामाइंस ओवरब्रिज होकर जुगसलाई स्टेशन रोड आने वाले वाहनों के लिए गुदड़ी बाजार के सामने सड़क चौड़ी करने के साथ-साथ एक गोलचक्कर (राउंडअबाउट) भी बनाए जाने की संभावना है। इसके लिए गुदड़ी बाजार की सामने की कुछ दुकानों को तोड़ा जा सकता है।
हालांकि, रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गुदड़ी बाजार को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और फिलहाल प्राथमिकता स्टेशन चौक–कीताडीह रोड क्षेत्र को खाली कराने की है।

