झारखंड पुलिस महकमे में उस समय हलचल मच गई जब लोहरदगा में पदस्थापित रहे प्रशिक्षु DSP अमित कुमार सिंह के खिलाफ एक युवती ने यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया। मामले को लेकर रांची के चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि अधिकारी ने शादी का भरोसा देकर युवती के साथ संबंध बनाए और बाद में मामला दबाने का प्रयास किया।

 

जानकारी के अनुसार पीड़िता एक PG छात्रा है। युवती ने सबसे पहले झारखंड पुलिस मुख्यालय में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मुख्यालय स्तर पर मामले की आंतरिक जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद गृह विभाग ने प्रशिक्षु DSP अमित कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

 

पीड़िता का आरोप है कि शिकायत सामने आने के बाद अधिकारी की ओर से लगातार समझौते का दबाव बनाया गया। युवती ने आरोप लगाया कि केस वापस लेने के लिए उसे पैसों का ऑफर दिया गया और डराने-धमकाने की कोशिश भी की गई। इतना ही नहीं, वकील के माध्यम से भी समझौते के लिए संपर्क किए जाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि युवती ने कानूनी कार्रवाई से पीछे हटने से इनकार कर दिया।

 

बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पीड़िता मानसिक रूप से काफी परेशान रही और तनाव में चली गई थी। बावजूद इसके उसने हिम्मत दिखाते हुए पहले पुलिस मुख्यालय में शिकायत की और बाद में थाना में FIR दर्ज करवाई।

 

मामले में एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। जांच में यह बात सामने आई कि होटल बुकिंग के दौरान कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया था। अब जांच एजेंसियां इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं कि आखिर सरकारी पद पर रहते हुए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल क्यों किया गया।

 

सूत्रों के मुताबिक युवती और प्रशिक्षु DSP के बीच लंबे समय से संपर्क था। पीड़िता का आरोप है कि भरोसा और भविष्य का आश्वासन देकर उसका शारीरिक शोषण किया गया। जब उसने विरोध किया और कानूनी कदम उठाने की बात कही तो उस पर दबाव बनाया जाने लगा।

 

अमित कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं और झारखंड पुलिस सेवा में प्रशिक्षु DSP के तौर पर उनकी पोस्टिंग लोहरदगा में थी। अब गंभीर आरोप सामने आने के बाद मामला पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोष साबित होने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी।

 

फिलहाल चुटिया थाना पुलिस FIR दर्ज कर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्य, होटल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।