दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में आवश्यक मरम्मत और रखरखाव कार्य के कारण 19 जनवरी से 25 जनवरी तक कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा। इससे यात्रियों को असुविधा हो सकती है। रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 68077/68078 आद्रा–भागा–आद्रा मेमू ट्रेन 25 जनवरी को रद रहेगी। वहीं 18019/18020 झाड़ग्राम–धनबाद–झाड़ग्राम एक्सप्रेस 19 जनवरी को पूरी तरह रद कर दी गई है।


इसके अलावा, 22 जनवरी को यही झाड़ग्राम–धनबाद–झाड़ग्राम एक्सप्रेस बोकारो स्टील सिटी में ही समाप्त और वहीं से प्रारंभ होगी। इस दिन बोकारो स्टील सिटी से धनबाद के बीच ट्रेन नहीं चलेगी। इसी तरह 13503/13504 बर्धमान–हटिया–बर्धमान मेमू एक्सप्रेस 19, 22 और 24 जनवरी को गोमो में ही समाप्त और प्रारंभ होगी। गोमो से हटिया के बीच इसकी सेवा रद रहेगी।


68090/68089 आद्रा–मिदनापुर–आद्रा मेमू ट्रेन 23 और 25 जनवरी को गड़बेता से ही प्रारंभ और वहीं समाप्त होगी, जिससे गड़बेता–मिदनापुर खंड में ट्रेन सेवा प्रभावित रहेगी। वहीं 68056/68060 टाटानगर–आसनसोल–बाराभूम मेमू 20 जनवरी को आद्रा में ही समाप्त और प्रारंभ होगी तथा आद्रा–आसनसोल खंड में इसका परिचालन नहीं होगा।
रेलवे के अनुसार 12802 आनंद विहार–पुरी एक्सप्रेस को 19, 22 और 24 जनवरी को चंद्रपुरा–राजबेरा खंड में लगभग 30 मिनट तक नियंत्रित किया जा सकता है। वहीं 18601 टाटानगर–हटिया एक्सप्रेस 20, 21 और 24 जनवरी को अपने निर्धारित मार्ग के बजाय चांडिल–गुंडा बिहार–मुरी मार्ग से चलाई जाएगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।