भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
झारखंड में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने झारखंड में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। इन क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट की स्थिति बनी हुई है।
बिहार समेत इन राज्यों में भी बारिश के आसार
बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम खराब रहने से कई स्थानों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।
65 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक कुछ संवेदनशील इलाकों में 40 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

