हजारीबाग: झारखंड के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के खिलाफ हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. दिनकर नगर और सूर्या नगर के स्थानीय लोगों के आवेदन के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 260/26 के तहत मामला दर्ज किया है. इस मामले में पूर्व मंत्री योगेंद्र साव, जेसीबी मशीन ऑपरेटर समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है. मामले की जांच की जिम्मेदारी दारोगा खालिद इकबाल को सौंपी गई है.
दर्ज प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 189(2), 191(2), 329(3), 329(4), 351(2) और 190(3) का उल्लेख किया गया है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. हालांकि, प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
दरअसल, स्थानीय लोगों ने शहर के पूर्वी-पश्चिमी क्षेत्र में स्थित एक विवादित स्थल को लेकर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण, नाली के पानी की निकासी और हरे-भरे पेड़ों की कटाई का आरोप लगाया है. इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर मामले की जांच कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई थी.
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि शादी का पंडाल लगाने के नाम पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने यह आशंका भी जताई है कि यदि नाली का पानी लगातार संबंधित स्थल पर बहता रहा, तो भविष्य में जमीन के खनन अथवा धंसने जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है.
इसके अलावा, आवेदन में बगल में स्थित खास महल की जमीन पर चारदीवारी किए जाने का भी उल्लेख किया गया है. स्थानीय लोगों ने संबंधित जमीन पर अधिकार को लेकर सवाल उठाते हुए इस मामले की भी जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की थी. इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

