झारखंड कैडर के कुल 155 आईएएस अधिकारियों ने अपनी चल-अचल संपत्तियों का विवरण दे दिया है। यह विवरण केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशासनिक विभाग (डीओपीटी) में अपलोड किया गया है। कई अधिकारियों के पास झारखंड के अलावा बिहार, नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश, दक्षिण के कई राज्यों तक संपत्ति है।

साल 1991 बैच के अधिकारी शैलेश कुमार सिंह के पास देवघर में जमीन और घर और रांची के सांगा में 6000 वर्ग फीट में जमीन है। वर्ष 1992 बैच की अधिकारी निधि खरे के पास उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में 2000 वर्ग फीट जमीन है, जिसकी कीमत 1.19 करोड़ तक की है। इसी तरह रांची के ओल्ड एजी कॉपरेटिव कॉलोनी में एक करोड़ का घर, रांची में ही 7820 वर्गफीट का जमीन है। हालांकि, कुछ अधिकारियों ने खुद को ‘शून्य’ संपत्ति वाला भी बताया है. 1996 बैच के आईएएस मस्त राम मीणा और ऊर्जा सचिव के. श्रीनिवास ने अपने विवरण में बताया है कि उनके नाम पर फिलहाल कोई अचल संपत्ति नहीं है।

मुख्य सचिव के पास कितनी संपत्ति

राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने अपनी जो संपत्तियों का विवरण दिया है, उसके मुताबिक, बिहार के सीतामढ़ी जिला अंतर्गत बिर्रख के सुरसंड में 1.18 एकड़ कृषि भूमि है, जिससे सालाना 50 हजार रुपए की आय होती है। सीतामढ़ी में ही 20 एकड़ कृषि भूमि भी है। इसके अलावा उनके पास मुजफ्फरपुर के गन्नीपुर स्थित रामदयालू में एक कट्ठा हाउसिंग जमीन, उत्तर प्रदेश के लखनऊ अंतर्गत गोमती नगर लखनऊ में 6000 वर्गफीट जमीन, बिहार के पटना अंतर्गत दानापुर पटना में 3414 वर्ग फीट जमीन, पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी में 3402 वर्ग फीट जमीन है। पटना के बोरिंग रोड में 1210 वर्गफीट का फ्लैट, नई दिल्ली द्वारका में 1780 वर्ग फीट का फोर बेडरूम का फ्लैट (इससे सालाना 5.76 लाख रुपए की आय होती है), रांची के अशोक नगर रांची में 1600 वर्ग फीट जमीन, धुर्वा में 7820 वर्ग फीट जमीन भी है। अविनाश कुमार वर्ष 1993 बैच के आईएएस अधिकारी है

इसके अलावा आईएएस पूजा सिंघल की संपत्तियों का ब्यौरा भी सामने आया है. उनके नाम पर कोलकाता के वैदिक विलेज में करीब 30 लाख रुपये की जमीन है, जिसे 2008 में खरीदा गया था. वहीं रांची के सुकुरहुटू में 7800 वर्ग फीट जमीन और अशोक नगर में 2014 में खरीदा गया करीब 80 लाख रुपये का प्लॉट भी दर्ज है. इसके अलावा उनके पति के नाम पर बरियातू में 4500 वर्ग फीट की कमर्शियल बिल्डिंग है, जिससे करीब 10 लाख रुपये सालाना किराया मिलता है. केंद्र सरकार के निर्देश के मुताबिक सभी आईएएस अधिकारियों के लिए 31 जनवरी 2026 तक अपनी चल-अचल संपत्ति का विवरण ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य किया गया था. इसी के तहत यह पूरा ब्योरा सार्वजनिक किया गया है.

 

कुछ वरिष्ठ आईएएस के पास ये संपत्तियां

नितिन मदन कुलकर्णी (1995 बैच)

● रांची के हरमू हाउसिंग कॉलोनी में 70 लाख का घर

● रांची के अशोक नगर में एक करोड़ का घर

सत्येंद्र सिंह (1995 बैच)

● देहरादून में घर

● उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में फ्लैट

● रांची जिला के कांके में प्लॉट

वंदना दादेल (1996 बैच)

● रांची के बरियातू रांची में 7500 वर्गफीट जमीन

● रांची के खेलगांव स्थित नेशनल गेम्स हाउसिंग कॉम्पलेक्स में 1600 वर्ग फीट में का रो हाउस

सुनील वर्णवाल (1997 बैच)

● उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में 500 वर्ग मीटर जमीन

● रांची के सांगा गांव में 7810 वर्ग फीट जमीन

● रांची के खेलगांव स्थित नेशनल गेम्स हाउसिंग कॉम्पलेक्स में 1626 वर्ग फीट में फ्लैट

● सुनील वर्णवाल के पास इसके अलावा खूंटी जिला के लोधमा में 58 डिसमिल जमीन भी है।