झारखंड सरकार ने राज्य में आईएएस के बाद अब भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला कर दिया है। देर रात जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य में कुल 46 आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर-पोस्टिंग किया गया है, जिसमें 12 से अधिक जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं। अधिसूचना के तहत एडीजी मनोज कौशिक को उनके वर्तमान दायित्व के साथ एडीजी मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं पंकज कंबोज को आईजी मानवाधिकार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इनके अलावा नरेन्द्र कुमार सिंह को आईजी पलामू व शैलेंद्र सिन्हा को जोनल आईजी बोकारो का दायित्व सौंपा गया है। क्रांति गडीदेशी को आईजी निगरानी सह सुरक्षा (झारखंड विद्युत बोर्ड) तथा माइकल राज एस को रेल आईजी बनाया गया है। बोकारो जोनल आईजी सुनील भास्कर को जैप आईजी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा राज्य के कई जिलों में एसपी का भी फेरबदल किया गया है। एसीबी में तैनात अनिमेष नैथानी को चतरा का नया एसपी बनाया गया है। वहीं निधि द्विवेदी को सरायकेला, आशुतोष शेखर को गढ़वा, प्रवीण पुष्कर को देवघर, मुकेश कुमार लुनायत को रामगढ़, अमन कुमार को हजारीबाग, कपिल चौधरी को पलामू, नाथू सिंह मीणा को बोकारो, शंभू सिंह को जामताड़ा व ऋषभ गर्ग को खूंटी का एसपी बनाया गया है। वहीं अनुदीप सिंह, अजय कुमार, सुमित अग्रवाल समेत कई जिलों के एसपी को एसीबी व अन्य इकाइयों में पदस्थापित किया गया है।
स्पेशल ब्रांच, एसीबी और तकनीकी शाखा में भी बदलाव
प्रशांत आनंद को वायरलेस एसपी बनाया गया है। जबकि मनीष टोप्पो को एससीआरबी एसपी, राजकुमार मेहता को एटीएस एसपी, दीपक कुमार शर्मा को एसपी अभियान मुख्यालय में तैनाती मिली है। वहीं हरविंदर सिंह को स्पेशल ब्रांच में भेजा गया है। इसके अलावा कई अधिकारियों को जैप, आईआरबी और अन्य सशस्त्र इकाइयों में कमांडेंट के रूप में पदस्थापित किया गया है।
SDPO और ASP स्तर पर भी बड़ा फेरबदल
सिमरिया में तैनात आईपीएस शुभम कुमार खंडेलवाल को जमशेदपुर ग्रामीण एसपी बनाया गया है। वहीं ललित मीणा को सिटी एसपी जमशेदपुर की जिम्मेदारी मिली है। हजारीबाग में प्रशिक्षु आईपीएस नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब को सिमरिया एसडीपीओ बनाया गया है। निखिल कुमार राय को कोतवाली रांची एएसपी, ऋषभ त्रिवेदी को एएसपी मुख्यालय-1 जमशेदपुर बनाया गया है। वहीं श्रुति को चैनपुर एसडीपीओ, दिव्यांश शुक्ला को हुसैनाबाद एसडीपीओ, राघवेंद्र शर्मा को पतरातु एसडीपीओ वहीं सैयद मुस्तफा हाशमी को चक्रधरपुर एसडीपीओ के पद पर पदस्थापित किया गया है।


