Îझारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में शनिवार देर शाम तेज हवा, गर्जन और बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 10 से 15 मई तक मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। इस दौरान कई जिलों में बादल छाए रहने, गर्जन, वज्रपात, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक 10 मई को राज्य के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
रांची समेत कई जिलों में बारिश
शनिवार को दोपहर बाद राजधानी रांची में बादल छाए रहे। शाम करीब सात बजे के बाद तेज हवा और गर्जन के साथ बारिश शुरू हो गई। शहर में करीब चार मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया।
देर रात तक रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, पलामू और पूर्वी सिंहभूम समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
राज्य में तापमान में भी लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। शनिवार को सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
रांची के तापमान में पिछले 24 घंटे में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दूसरी ओर बोकारो का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जहां तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है
