राजधानी रांची में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर स्थित करम चौक के पास छापेमारी कर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 16.43 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन, नकदी और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-06, विद्यानगर स्थित करम चौक के पास अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर सिटी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। उसकी पहचान अनिकेत अग्रवाल (23 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मौके से कुसुम चौबे और अंकुश चौबे (23 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि कुसुम चौबे के पास से 49 पुड़िया, जबकि अंकुश चौबे के पास से 45 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा घर की अलमारी में रखे ब्राउन क्रीम रंग के हैंड पर्स से भी 45 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त की गई। सभी पुड़ियों का कुल वजन लगभग 16.43 ग्राम पाया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद पुड़ियों में ब्राउन शुगर थी और वे इसकी बिक्री का काम करते थे। पुलिस ने मामले में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या-196/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरामद सामानों में करीब 16.43 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन स्मार्टफोन, 7,320 रुपये नकद, एक हैंड पर्स, एक नोटबुक और दो कलम शामिल हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अंकुश चौबे पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है। मामले की जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है