पूर्वी सिंहभूम जिले के परसूडीह थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में टाटा मोटर्स के एक कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चांदनी चौक निवासी 25 वर्षीय सुमित मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सुमित मुंडा सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे बाइक से टाटा मोटर्स प्लांट में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सलगाजूड़ी हनुमान मंदिर के समीप पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ओवरटेक के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और सुमित हाइवा के पिछले पहिये की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को मौके पर ही रोक लिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।
आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया और दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा इस मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की।
सूचना मिलने पर परसूडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने हाइवा को कब्जे में ले लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रही है, लेकिन अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।