रांची पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तमाड़ थाना क्षेत्र के मांझीडीह गांव निवासी संजय लोहरा (29) की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई थी। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए हत्या के बाद शव का सिर धड़ से अलग कर दिया और उसे अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाया।
पत्नी और प्रेमी ने रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी सुबोधिनी देवी का रमन सेठ नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे और संजय लोहरा उनके रास्ते में बाधा था। इसी कारण दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
सिर काटकर दफनाया, धड़ को जंगल में जलाया
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान मिटाने के उद्देश्य से संजय का सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद धड़ को बुंडू थाना क्षेत्र के जंगल में ले जाकर पेट्रोल डालकर जला दिया गया, जबकि कटे हुए सिर को करीब 10 किलोमीटर दूर रानी जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
17 दिन बाद बरामद हुआ सिर
पुलिस को 19 जून को बुंडू थाना क्षेत्र के तेतरटांड़ जंगल से बिना सिर का जला हुआ शव मिला था। तकनीकी जांच और फोरेंसिक साक्ष्यों की मदद से मृतक की पहचान संजय लोहरा के रूप में हुई। पूछताछ में पत्नी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी और प्रेमी की निशानदेही पर पुलिस ने 17 दिन बाद रानी जंगल से दफनाया गया सिर भी बरामद कर लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सुबोधिनी देवी और उसके प्रेमी रमन सेठ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्या में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है। वहीं, इस वारदात में शामिल रमन के दो अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।