झारखंड के पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति से विवाद के बाद एक महिला ने कथित तौर पर अपनी दो मासूम बेटियों को कुएं में फेंक दिया। इस घटना में दोनों बच्चियों की मौत हो गई, जबकि महिला को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
मृत बच्चियों की पहचान प्रिया कुमारी (साढ़े चार वर्ष) और डोली कुमारी (ढाई वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, महिला की बड़ी बेटी सुषमा (6 वर्ष) किसी तरह शोर मचाते हुए मौके से भाग निकली, जिससे उसकी जान बच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला सरिता देवी, पति छोटेलाल प्रजापति की पत्नी है। बताया जा रहा है कि परिवार में तीन बेटियां होने को लेकर उसे लंबे समय से प्रताड़ित किया जाता था। घटना की रात पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इसके बाद महिला ने कथित तौर पर अपनी दोनों बेटियों को कुएं में फेंक दिया और स्वयं भी कुएं में कूद गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला को कुएं से बाहर निकाल लिया। हालांकि, दोनों बच्चियों को बचाया नहीं जा सका। सूचना पर पहुंची नावाबाजार थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, परिवार में प्रताड़ना और घरेलू विवाद के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।