दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) के चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रैक आधुनिकीकरण और स्लीपर बदलने के कार्य के कारण रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। राउरकेला-कांसबहाल-धारूआडीही रेलखंड पर 2 जुलाई से 18 नवंबर तक आधुनिक टीआरटी (TRT) मशीन से मेंटेनेंस कार्य के लिए मेगा ब्लॉक लिया गया है। इसके चलते इस रूट से गुजरने वाली 12 लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में रद्द किया गया है, जबकि दो ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है।

रेलवे के अनुसार, इस मेगा ब्लॉक का असर झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के हजारों यात्रियों पर पड़ेगा। यात्रा की योजना बनाने से पहले यात्रियों को अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांचने की सलाह दी गई है।

रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनों में हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस, रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस, टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस और टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस शामिल हैं। ये ट्रेनें निर्धारित तिथियों पर रद्द रहेंगी।

वहीं, 18478 योगनगरी ऋषिकेश–पुरी उत्कल एक्सप्रेस को ब्लॉक अवधि के दौरान इब, झारसुगुड़ा रोड, संबलपुर सिटी और कटक के रास्ते चलाया जाएगा। इस दौरान झारसुगुड़ा और टाटानगर के बीच इस ट्रेन का परिचालन नहीं होगा। इसके अलावा 13288 आरा–दुर्ग दक्षिण बिहार एक्सप्रेस भी तय तिथियों पर बदले हुए मार्ग से संचालित की जाएगी।

रेलवे ने यह भी बताया है कि मेगा ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट कर चलाया जाएगा। संबंधित ट्रेनों का विस्तृत शेड्यूल रेलवे की ओर से जारी किया गया है।

यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले NTES ऐप या रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।