गिरिडीह सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक (डिप्टी सुपरिंटेंडेंट) और शहर के वरिष्ठ सर्जन डॉ. बी.एन. झा का शव सोमवार सुबह पचंबा थाना क्षेत्र के लखारी स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। वह रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। बाद में स्थानीय लोगों ने कुएं में एक शव तैरता देखा, जिसकी पहचान डॉ. झा के रूप में हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई घटना
जानकारी के अनुसार, डॉ. बी.एन. झा अलकापुरी स्थित अपने आवास से प्रतिदिन की तरह सुबह टहलने निकले थे। जब वह लंबे समय तक घर नहीं लौटे तो परिजनों और परिचितों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान लखारी इलाके के एक कुएं में शव मिलने की सूचना मिली।
मौत के कारणों पर बना सस्पेंस
फिलहाल डॉ. बी.एन. झा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामला दुर्घटना का है, आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
चिकित्सा जगत में शोक
डॉ. बी.एन. झा गिरिडीह के प्रतिष्ठित चिकित्सकों में गिने जाते थे। उन्होंने सदर अस्पताल में उपाधीक्षक और सिविल सर्जन जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी थीं। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे मरीजों का इलाज कर रहे थे। उनके निधन की खबर से चिकित्सा जगत, उनके मरीजों और शहरवासियों में शोक की लहर है।