धनबाद के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र बैंक मोड़ स्थित शांति भवन में मंगलवार को बिजली मीटर रूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे भवन में धुआं फैल गया और लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि मीटर रूम से अचानक चिंगारी निकलने के बाद आग तेजी से फैलने लगी। राहत की बात यह रही कि आग मीटर रूम के पास स्थित जेनरेटर रूम तक नहीं पहुंची। यदि आग वहां तक फैल जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और भारी जान-माल का नुकसान होने की आशंका थी।

घटना के दौरान पास स्थित मधुलिका एन्क्लेव के लोगों ने भी अपने अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की मदद से आग बुझाने में दमकल कर्मियों का सहयोग किया। संयुक्त प्रयास से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

घटना के बाद एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। बाद में स्थिति सामान्य होने पर बिजली बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

इस घटना के बाद शांति भवन के निवासियों ने बिल्डिंग में पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भवन में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध नहीं थे, जिससे आपात स्थिति में जोखिम और बढ़ सकता था। अब प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।