राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित प्लाजा चौक के पास रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार की सेना के एक वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो युवतियों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार, 9 अगस्त 2026 को सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है।
तेज रफ्तार कार ने सेना के वाहन को मारी टक्कर
स्थानीय लोगों के अनुसार, सेना का वाहन प्लाजा चौक के पास से जेल मोड़ की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान पुरुलिया रोड की ओर से तेज गति से आ रही सफेद रंग की कार अनियंत्रित हो गई और सीधे सेना के वाहन से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं सेना के वाहन के बाएं हिस्से को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
कार में फंसे थे घायल, RIMS भेजे गए
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। लोअर बाजार थाना पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए RIMS भेजा, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कार पर लगी थी अलग-अलग अस्थायी नंबर प्लेट
पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में दुर्घटनाग्रस्त कार के आगे और पीछे अलग-अलग अस्थायी नंबर प्लेट लगे होने की बात सामने आई है। पुलिस कार की पहचान, चालक और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।