खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से चिन्हित 115 खाद्य उत्पादों को लेकर झारखंड में जांच और कार्रवाई तेज कर दी गई है। इन उत्पादों पर भ्रामक दावे, नियमों के अनुरूप लेबलिंग नहीं होने और अन्य खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन से जुड़े मामले सामने आए हैं। राज्य के अलग-अलग जिलों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें दुकानों, थोक विक्रेताओं और रिटेल प्रतिष्ठानों में इन उत्पादों की उपलब्धता की जांच कर रही हैं।

इस सूची में रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाले कई चर्चित उत्पाद शामिल हैं। इनमें पतंजलि फूड्स का पतंजलि मिल्क बिस्कुट, फेरेरो इंडिया का किंडर जॉय और मैरिको का सफोला टोटल हार्ट प्रो कुकिंग ऑयल शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा स्टिंग एनर्जी, रेड बुल, मॉन्स्टर एनर्जी, हेल एनर्जी, एड्रेनालाईन रश, कैंपा एनर्जी और गैटोरेड स्पोर्ट्स ड्रिंक भी जांच के दायरे में हैं।

रांची में दुकानों की हो रही जांच

FSSAI की सूची के आधार पर रांची समेत झारखंड के विभिन्न जिलों में बाजारों की जांच शुरू की गई है। अधिकारियों को सूची में शामिल उत्पादों का स्टॉक मिलने पर उसकी बिक्री और भंडारण रोकने तथा संबंधित स्टॉक को वापस कराने का निर्देश दिया गया है। जिलों से कार्रवाई की रिपोर्ट 12 सितंबर तक संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय, नामकुम, रांची को भेजने को कहा गया है।

क्यों हुई कार्रवाई?

अधिकारियों के मुताबिक, सूची में शामिल उत्पादों को लेकर मुख्य आपत्तियां भ्रामक दावे, गैर-अनुपालन वाली लेबलिंग और आवश्यक जानकारी का सही तरीके से उल्लेख नहीं होना हैं। कुछ मामलों में वैध खाद्य लाइसेंस से जुड़े उल्लंघन की भी जांच की जा रही है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को निर्देश दिया है कि सूची में शामिल उत्पादों की बिक्री जारी रखने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है। उपभोक्ताओं से भी पैकेट पर लिखे दावों और पोषण संबंधी जानकारी को ध्यान से पढ़ने की अपील की गई है।