देश की प्रमुख एयरलाइन IndiGo ने घरेलू उड़ानों में कई ऐड-ऑन और विशेष सेवाओं के शुल्क बढ़ा दिए हैं। ऐसे में बेस टिकट किराया भले ही नहीं बढ़ा हो, लेकिन अतिरिक्त सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को अब पहले से ज्यादा भुगतान करना होगा.
अतिरिक्त सामान पर ₹800 प्रति किलो
यात्रियों को तय सीमा से अधिक सामान ले जाने पर अब ₹800 प्रति किलो देना होगा। पहले यह शुल्क ₹700 प्रति किलो था। यानी हर अतिरिक्त किलो पर ₹100 अधिक भुगतान करना पड़ेगा।
शिशु टिकट का शुल्क भी बढ़ा
3 दिन से 2 साल तक के शिशुओं के लिए शुल्क में भी बदलाव किया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, पहले से टिकट बुक करने पर शुल्क ₹2,000 से बढ़कर ₹2,250 हो गया है। वहीं एयरपोर्ट काउंटर से टिकट लेने पर शुल्क ₹2,500 से बढ़कर ₹3,000 हो गया है। शिशु को अलग सीट नहीं मिलती और वह साथ आए वयस्क की गोद में यात्रा करता है।
Priority check-in और boarding भी महंगा
IndiGo की Fast Forward सेवा, जिसमें प्राथमिकता के साथ चेक-इन और बोर्डिंग की सुविधा मिलती है, का शुल्क घरेलू उड़ानों में ₹500 से बढ़कर ₹650 कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए यह शुल्क ₹850 प्रति सेक्टर बताया गया है।
अकेले यात्रा करने वाले बच्चों का शुल्क बढ़ा
5 से 12 वर्ष की उम्र के बिना अभिभावक यात्रा करने वाले बच्चों के लिए घरेलू Unaccompanied Minor सेवा का शुल्क ₹5,000 से बढ़कर ₹5,999 हो गया है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में यह शुल्क ₹12,999 है।
यात्रियों पर पड़ेगा सीधा असर
इन शुल्कों में बढ़ोतरी का असर खास तौर पर अतिरिक्त सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों, छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाले परिवारों और प्राथमिकता वाली सेवाएं लेने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। यानी टिकट की मूल कीमत में बदलाव नहीं होने के बावजूद यात्रा की कुल लागत बढ़ सकती है।