दुर्गापूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रांची और अलीपुरद्वार के बीच साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 08661/08662 रांची-अलीपुरद्वार-रांची पूजा स्पेशल निर्धारित अवधि में पांच-पांच फेरे लगाएगी। इससे रांची समेत रास्ते के प्रमुख स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
12 अक्टूबर से प्रत्येक सोमवार रांची से खुलेगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 08661 रांची-अलीपुरद्वार पूजा स्पेशल 12 अक्टूबर से 9 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को रांची से रवाना होगी। ट्रेन रांची से रात 11:25 बजे खुलेगी और बुधवार सुबह 4 बजे अलीपुरद्वार पहुंचेगी।
रास्ते में ट्रेन मुरी, झालिदा, बोकारो, धनबाद, जसीडीह, किउल, कटिहार और सिलीगुड़ी समेत प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। रांची से चलने के बाद ट्रेन मुरी में रात 12:40 बजे, झालिदा में 12:57 बजे, बोकारो में 1:50 बजे और धनबाद में सुबह 4:30 बजे पहुंचेगी।
14 अक्टूबर से अलीपुरद्वार से वापसी
वापसी में ट्रेन संख्या 08662 अलीपुरद्वार-रांची पूजा स्पेशल 14 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह ट्रेन अलीपुरद्वार से सुबह 7 बजे रवाना होगी और गुरुवार सुबह 9:15 बजे रांची पहुंचेगी।
वापसी के दौरान ट्रेन सिलीगुड़ी, कटिहार, किउल, जसीडीह, धनबाद, बोकारो, झालिदा और मुरी होते हुए रांची पहुंचेगी।
22 कोच की होगी पूजा स्पेशल ट्रेन
रांची-अलीपुरद्वार-रांची पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इनमें 2 एसएलआरडी, 2 सामान्य श्रेणी, 15 स्लीपर कोच, 2 एसी थ्री-टियर और 1 एसी टू-टियर कोच शामिल हैं।
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से रांची और आसपास के यात्रियों को अलीपुरद्वार तथा रास्ते के अन्य शहरों तक आने-जाने में अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।