ट्रेन में सफर के दौरान तेज आवाज में मोबाइल पर बात करना, लंबे समय तक फोन पर लगे रहना या स्पीकर पर गाने और वीडियो चलाना अब यात्रियों को भारी पड़ सकता है. सहयात्रियों की सुविधा और शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर सख्ती के निर्देश जारी किये हैं. ट्रेन और रेलवे स्टेशन परिसर में तेज आवाज में बात करने या मोबाइल के स्पीकर पर गाने और वीडियो चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.

रेलवे अधिनियम के तहत इस तरह के व्यवहार को दूसरे यात्रियों के लिए परेशानी पैदा करने वाला माना गया है. नियमों का उल्लंघन करने पर एक हजार रुपये तक जुर्माना और छह महीने तक जेल की सजा का प्रावधान है. रेलवे बोर्ड के निर्देश के बाद सभी रेल मंडलों को इन नियमों का प्रभावी तरीके से पालन कराने को कहा गया है.
हिंदी और अंग्रेजी में यात्रियों को किया जायेगा जागरूक
रेलवे स्टेशन पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिये क्षेत्रीय भाषाओं के साथ हिंदी और अंग्रेजी में भी यात्रियों को नियमित रूप से जागरूक किया जायेगा. ट्रेनों में भी जहां संभव होगा, उद्घोषणा कर यात्रियों से तेज आवाज में बात नहीं करने और मोबाइल के स्पीकर पर गाने या वीडियो नहीं चलाने की अपील की जायेगी.
एसी कोच में लगेंगे जागरूकता पोस्टर
रेलवे ने स्टेशनों के प्रमुख स्थानों और ट्रेनों के भीतर जागरूकता पोस्टर व स्टीकर लगाने के निर्देश दिये हैं. खास तौर पर वातानुकूलित (एसी) कोच में ऐसे संदेश प्रमुखता से लगाये जायेंगे. यात्रियों को गाने और वीडियो सुनने के लिए ईयरफोन का इस्तेमाल करने की सलाह दी जायेगी. साथ ही मोबाइल को साइलेंट या वाइब्रेशन मोड में रखने और रिंगटोन की आवाज कम रखने का अनुरोध किया जायेगा.
टीटीई स्तर के अधिकारी कर सकेंगे कार्रवाई
नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सक्षम वाणिज्यिक कर्मचारियों को अधिकृत किया गया है. टिकट परीक्षक (टीटीई) स्तर के अधिकारी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर सकेंगे. हालांकि, टीटीई से नीचे के पद का कर्मचारी ऐसी कार्रवाई नहीं कर सकेगा. अधिकृत अधिकारी रेलवे अधिनियम और अपने अधिकारों के तहत जरूरी कदम उठा सकेंगे.