खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में गुरुवार को 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य उद्घाटन हुआ। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। झारखंड पुलिस के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर की 29 पुलिस टीमों के 432 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। 22 से 26 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड की व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धाओं सहित कुल 37 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

राज्यपाल ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

उद्घाटन समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता की आयोजन सचिव एवं अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे ने आयोजन की तैयारियों और विभिन्न समितियों की भूमिका की जानकारी दी। वहीं, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों में खेल प्रतिभा, अनुशासन, समर्पण और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया।

पुलिसकर्मियों के लिए खेल और व्यायाम जरूरी

राज्यपाल ने अपने संबोधन में पुलिस बल को देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का मेरुदंड बताया। उन्होंने कहा कि अपराधों की रोकथाम, आधुनिक तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल और नागरिकों में सुरक्षा के प्रति विश्वास कायम रखना पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारी है। इन दायित्वों को बेहतर तरीके से निभाने के लिए पुलिसकर्मियों का मानसिक रूप से मजबूत, अनुशासित, धैर्यवान और शारीरिक रूप से फिट होना जरूरी है। इसमें खेल और नियमित व्यायाम की महत्वपूर्ण भूमिका है।

खिलाड़ियों ने ली खेल भावना की शपथ

प्रतियोगिता के उद्घाटन की घोषणा के बाद खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए शपथ ली। समारोह में राज्यपाल को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद आईजी, एसटीएफ अनूप बिरथरे ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, गणमान्य अतिथियों, विभिन्न पुलिस बलों के प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति आभार जताया।

समारोह के अंतिम चरण में पारंपरिक छऊ नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इसके माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।

तीसरी बार प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा झारखंड

झारखंड पुलिस इससे पहले वर्ष 2013 और 2016 में अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी कर चुकी है। तीसरी बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन राज्य के लिए गौरव का विषय है। इस प्रतियोगिता से देश के विभिन्न पुलिस बलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का अवसर मिल रहा है। साथ ही, यह आयोजन खेल के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, आपसी सहयोग और सौहार्द को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।