भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआइ) सूर्यकांत एक नवंबर को झारखंड दौरे पर आयेंगे. अपने दौरे की शुरुआत वह देवघर से करेंगे. यहां सिविल कोर्ट परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इसके बाद शाम को रांची पहुंचकर झारखंड हाईकोर्ट में 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे.
देवघर में आयोजित कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस एस चंद्रशेखर और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. वहीं, झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद और जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.

10 हजार से अधिक लाभुकों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर के दौरान पीड़ितों को मुआवजे के चेक वितरित किये जायेंगे. प्रोजेक्ट शिशु के लाभुकों को सहायता दी जायेगी. इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 10 हजार से अधिक लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जायेगा. सीजेआइ डिजिटली पलामू और रांची जिले में विधिक सहायता क्लीनिकों का उद्घाटन भी करेंगे.
शाम 7:30 बजे हाईकोर्ट में होगा डेटा सेंटर का उद्घाटन
देवघर कार्यक्रम के बाद सीजेआइ सूर्यकांत शाम 7:30 बजे रांची के धुर्वा स्थित झारखंड हाईकोर्ट पहुंचेंगे. यहां आयोजित मुख्य समारोह में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे. इस डेटा सेंटर को राज्य की डिजिटल न्यायिक व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
इससे झारखंड हाईकोर्ट के साथ-साथ राज्य की अधीनस्थ अदालतों का डिजिटल बुनियादी ढांचा मजबूत होगा. न्यायिक कार्यों में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल, डिजिटल रिकॉर्ड की सुरक्षा और न्यायिक सूचनाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी.
हाईकोर्ट की नयी वेबसाइट और मोबाइल एप भी होंगे लॉन्च
समारोह के दौरान हाईकोर्ट की नयी आधिकारिक वेबसाइट, हाईकोर्ट और जिला अदालतों के लिए आइओएस मोबाइल एप तथा ऑनलाइन सर्टिफाइड कॉपी मॉड्यूल भी लॉन्च किया जायेगा. इसके अलावा अधिवक्ताओं के लिए पर्सनलाइज्ड कॉज लिस्ट की सुविधा शुरू होगी.
हाईकोर्ट के न्यायाधीश और कंप्यूटर एवं डिजिटाइजेशन कमेटी के अध्यक्ष जस्टिस आनंद सेन ने बताया कि राज्य के सभी न्यायिक अधिकारियों को ड्रैगन स्पीच-टू-टेक्स्ट और सुप्रीम टुडे एआइ आधारित सॉफ्टवेयर भी उपलब्ध कराया जायेगा. इससे न्यायिक कामकाज में डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग बढ़ेगा.
तैयारियों का लिया गया जायजा
सीजेआइ के कार्यक्रम को लेकर झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस आनंद सेन ने तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये. इस दौरान रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.