रांची के नामकुम में आपसी विवाद के बाद एक दामाद ने अपनी पत्नी और सास की रॉड से मारकर हत्या कर दी। घटना टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के पुराना चतरा की है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मृतकों की पहचान 48 वर्षीय सोनिया देवी और उनकी 34 वर्षीय बेटी ममता देवी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह करीब नौ बजे किसी बात को लेकर सावन बिरहोर और उसकी पत्नी ममता देवी के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ता देख ममता की मां सोनिया देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं। इसी दौरान विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि सावन ने गुस्से में आकर रॉड से पत्नी और सास पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत

मारपीट की आवाज सुनकर सोनिया देवी का बेटा मौके पर पहुंचा। वह दोनों घायलों को स्थानीय स्वर्णरेखा अस्पताल ले गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया। रिम्स में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

रविवार को पुलिस को दी गई सूचना

अस्पताल में दोनों की मौत के बाद रविवार को पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किए। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपी सावन बिरहोर, पिता सिदेश्वर बिरहोर को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस की ओर से गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।