झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के दौरान पलामू में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा एक मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र से प्रश्न पत्र लेकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे एक पारा शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान गढ़वा जिले के पाचाडूमर निवासी सुशील कुमार पाठक के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार एक नवंबर को पूरे झारखंड में JTET की परीक्षा आयोजित की गई थी। पलामू जिले के पाटन स्थित आरके मिडिल स्कूल को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। यहां परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी प्रश्न पत्र मिलने के कुछ ही मिनट बाद केंद्र से बाहर निकलने लगा। वह अपने साथ प्रश्न पत्र भी लेकर जा रहा था। इसी दौरान केंद्र पर तैनात शिक्षकों और दंडाधिकारियों की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने तत्काल उसे पकड़ लिया। दंडाधिकारी के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी

पकड़े गए परीक्षार्थी की पहचान सुशील कुमार पाठक के रूप में हुई। वह गढ़वा जिले में पारा शिक्षक के पद पर कार्यरत है और परीक्षा देने के लिए पलामू पहुंचा था। रविवार देर रात ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारी के आवेदन के आधार पर पाटन थाने में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया।

न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा आरोपी

पाटन थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दंडाधिकारी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले की जानकारी उसके परिजनों को भी दे दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ की है और पूरे मामले की आगे जांच की जा रही है।