झारखंड में आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के लाभुकों को सामूहिक स्वास्थ्य बीमा देने की तैयारी शुरू हो गयी है. राज्य सरकार ने इसके लिए बीमा कंपनियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. झारखंड राज्य आरोग्य सोसाइटी (जेएसएएस) ने योग्य बीमा कंपनियों से ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किया है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से बुधवार को निविदा जारी की गयी.

se

चयनित बीमा कंपनी दोनों योजनाओं के लाभुकों को समूह स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध करायेगी. इसके लिए इच्छुक कंपनियां 12 नवंबर 2026 से ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर निविदा दस्तावेज डाउनलोड कर सकेंगी. कंपनियों को 30 दिसंबर 2026 तक आवेदन करने का मौका दिया गया है.

प्रति परिवार 15 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा

मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत राज्य सरकार ने प्रत्येक परिवार को अधिकतम 15 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा देने का प्रावधान किया है. वहीं, आयुष्मान भारत योजना के पात्र परिवारों को प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है. चयनित बीमा कंपनी इन दोनों योजनाओं के लाभुकों को स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध करायेगी.

स्वास्थ्य विभाग के 29 अक्टूबर 2025 के आदेश के अनुसार, राज्य में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना (SECC)-2011 के आधार पर 28,05,753 परिवार आच्छादित हैं. इसके अलावा मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत 33,44,244 परिवारों को जोड़ने का प्रावधान है. इस तरह कुल 61.50 लाख परिवारों को योजना का लाभ देने की व्यवस्था की गयी है.

पिछली बार बीमा कंपनियों के गलत दावों के बाद सरकार अब नये सिरे से टेंडर कर रही है. इस बार योग्य बीमा कंपनी का चयन कर योजनाओं को व्यवस्थित तरीके से लागू करने की तैयारी है.

आंगनबाड़ी सेविका और स्वास्थ्य सहिया को भी जोड़ने की तैयारी

स्वास्थ्य विभाग ने दो जुलाई 2024 को स्वास्थ्य बीमा योजना को लेकर एक संकल्प जारी किया था. अब इस योजना से आंगनबाड़ी सेविका और स्वास्थ्य सहिया को भी जोड़ने की बात कही गयी है. बीमा कंपनी के चयन के बाद दोनों योजनाओं के लाभुकों को समूह स्वास्थ्य बीमा से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. हालांकि, बीमा सुविधा शुरू होने की तारीख और इसकी विस्तृत शर्तें अभी तय होनी बाकी हैं.