झारखंड के बिजली उपभोक्ताओं को आने वाले दिनों में महंगी बिजली का झटका लग सकता है. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) वित्तीय वर्ष 2027-28 में बिजली दरों में 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार कर रहा है. इसके लिए निगम की ओर से टैरिफ पिटीशन तैयार की जा रही है. नियमानुसार, जेबीवीएनएल को 30 नवंबर तक झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के समक्ष नया टैरिफ प्रस्ताव दाखिल करना है. फिलहाल निगम के स्तर पर प्रस्ताव को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है. हालांकि, अभी इसे अंतिम मंजूरी नहीं मिली है.

टैरिफ में 30 से 40% बढ़ोतरी का प्रस्ताव, खर्च बढ़ने का दिया हवाला

सूत्रों के अनुसार, बिजली खरीद की बढ़ती लागत, पावर परचेज एग्रीमेंट (पीपीए), पुरानी देनदारियों और बिजली वितरण नेटवर्क को मजबूत करने के लिए जरूरी निवेश को आधार बनाकर टैरिफ बढ़ाने की मांग की जायेगी. निगम का तर्क है कि बिजली खरीद पर लगातार खर्च बढ़ रहा है. इसके अलावा ट्रांसफॉर्मरों के रखरखाव, बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार, लाइन लॉस कम करने और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए बड़े निवेश की जरूरत है.

इन्हीं खर्चों को देखते हुए निगम 30 से 40 प्रतिशत तक बिजली दर बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है. हालांकि, प्रस्तावित बढ़ोतरी पर अंतिम फैसला विद्युत नियामक आयोग को लेना है.

जेबीवीएनएल को 30 नवंबर तक नियामक आयोग में टैरिफ पिटीशन दाखिल करनी है. इसके बाद आयोग प्रस्ताव की समीक्षा करेगा और 31 मार्च 2027 तक नयी बिजली दरों पर फैसला लेगा. इस प्रक्रिया के तहत जनसुनवाई भी होगी. इसमें बिजली उपभोक्ताओं, उद्योग प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को प्रस्तावित दरों पर अपनी आपत्ति और सुझाव रखने का मौका मिलेगा.

निगम का कहना है कि टैरिफ बढ़ाने का उद्देश्य राजस्व अंतर को कम करना, बिजली वितरण नेटवर्क का आधुनिकीकरण करना और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण व निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है.

पिछले पांच वर्षों में इतनी बढ़ीं घरेलू बिजली दरें

झारखंड में पिछले पांच वर्षों के दौरान घरेलू बिजली दरों में अलग-अलग स्तर पर बढ़ोतरी हुई है. वर्ष 2024-25 में दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ था. वहीं, 2026-27 में घरेलू बिजली दर 6.85 रुपये से बढ़ाकर 7.40 रुपये प्रति यूनिट कर दी गयी.

वित्तीय वर्ष पुरानी दर नयी दर बढ़ोतरी

2022-23 ₹5.75 ₹6.30 55 पैसे

2023-24 ₹6.30 ₹6.65 35 पैसे

2024-25 ₹6.65 ₹6.65 कोई बढ़ोतरी नहीं

2025-26 ₹6.65 ₹6.85 20 पैसे

2026-27 ₹6.85 ₹7.40 55 पैसे