कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री अम्बा प्रसाद ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव पद से हटाए जाने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। साथ ही कहा कि पद और जिम्मेदारियां बदल सकती हैं, लेकिन जनता के प्रति उनका समर्पण और संघर्ष का संकल्प कभी नहीं बदलेगा
अम्बा प्रसाद ने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि झारखंड के एक छोटे से गांव से निकलकर आई एक साधारण लड़की को कांग्रेस संगठन ने AICC सचिव जैसी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी। इतना ही नहीं, उन्हें पश्चिम बंगाल जैसे महत्वपूर्ण प्रदेश का सह-प्रभारी भी बनाया गया। यह उनके राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय रहा है और इसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगी।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और पश्चिम बंगाल के प्रभारी के. राजू का आभार व्यक्त किया। अम्बा प्रसाद ने कहा कि इन नेताओं ने उन पर विश्वास जताया और संगठन में अपनी क्षमता साबित करने का अवसर दिया। उन्होंने हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास किया।
नवनियुक्त सचिवों को दी बधाई
अम्बा प्रसाद ने AICC के सभी नवनियुक्त सचिवों को बधाई और नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। विशेष रूप से झारखंड से नियुक्त साथियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती देंगे।
उन्होंने कहा कि झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से उन्हें लगातार फोन और संदेश मिल रहे हैं। लोगों का स्नेह, विश्वास और समर्थन उनके लिए किसी भी पद से अधिक मूल्यवान है।
झारखंड की जनता से रिश्ता कभी नहीं टूटेगा
अपने संदेश में अम्बा प्रसाद ने कहा, “हम अपने लिए राजनीति नहीं चुनें थे, राजनीति ने मुझे चुना है।” उन्होंने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें झारखंड की जनता के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद का बड़ा योगदान है। उनका रिश्ता झारखंड की मिट्टी और यहां के लोगों से है, जो किसी पद या जिम्मेदारी से बंधा नहीं है।
उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा करना, उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाना और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना उन्होंने अपने पिता से सीखा है। पद बदल सकते हैं और जिम्मेदारियां भी बदल सकती हैं, लेकिन जनता के प्रति समर्पण, विस्थापितों के प्रति प्रतिबद्धता और संघर्ष का संकल्प कभी नहीं बदलेगा।
अम्बा प्रसाद ने अपने संदेश के अंत में कहा कि संघर्ष ही उनकी पहचान है और जनता के अधिकारों की लड़ाई ही उनका रास्ता है।