भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 30 नवंबर को रांची स्थित जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला एकदिवसीय मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास होने वाला है। इस मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर साथ नजर आएंगे, जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी टीम को जरूर खलेगी। बुमराह को सीरीज के लिए आराम दिया गया है, जिसके चलते भारतीय पेस अटैक अपेक्षाकृत नया नजर आएगा।
विराट का शानदार रिकॉर्ड, रोहित का संघर्ष
रांची के मैदान पर विराट कोहली का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने यहां पांच मैचों में चार पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 384 रन बनाए हैं। लगभग 95 की औसत, दो शतक और एक अर्धशतक उनके रांची प्रेम को दर्शाते हैं। इस मैदान पर विराट लगातार प्रभावी रहे हैं और एक बार फिर उनसे दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
इसके उलट, रोहित शर्मा रांची में अब तक संघर्ष करते नजर आए हैं। रोहित ने इस मैदान पर चार मैचों में सिर्फ 43 रन बनाए हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 14 रन रहा है। हालांकि, उनकी वर्तमान फॉर्म को देखते हुए प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार हिटमैन अपने आंकड़े सुधार सकते हैं।
कई नए खिलाड़ी पहली बार दिखाएंगे दम
वनडे सीरीज के लिए घोषित टीम में कई युवा और नए चेहरे शामिल किए गए हैं, जो पहली बार जेएससीए के मैदान पर उतरेंगे।
इनमें ऋतुराज गायकवाड़, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। इन युवा प्रतिभाओं से तेज गेंदबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
टीम इंडिया की कमान केएल राहुल संभाल रहे हैं, जबकि अनुभव और युवा जोश का संतुलन इस टीम की खासियत है।
वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम:
केएल राहुल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ऋषभ पंत, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरैल।