झारखंड की पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद सरकारी आवास खाली कराए जाने के बाद अब उसी आवास के बाहर टेंट लगाकर बैठ गई हैं. शनिवार (7 नवंबर) को प्रशासन ने धुर्वा स्थित एचईसी परिसर के एफ टाइप सरकारी आवास को खाली कराया था. इसके बाद अम्बा प्रसाद ने आवास के बाहर टेंट लगाया और वहीं छोटी दिवाली मनाते हुए दीये जलाए. इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके खिलाफ जानबूझकर विशेष कार्रवाई की गई है.

अम्बा प्रसाद ने सवाल उठाया कि आखिर दिवाली से ठीक एक दिन पहले सरकार को इतनी जल्दी क्या थी कि भारी पुलिस बल के साथ आवास खाली कराने प्रशासन पहुंच गया. उन्होंने दावा किया कि कई पूर्व विधायकों और विपक्ष के नेताओं के पास अब भी सरकारी आवास हैं, लेकिन उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई नहीं की जा रही है. अम्बा ने आरोप लगाया कि सरकार के करीबी और चहेते लोगों को आवास खाली कराने के लिए परेशान नहीं किया जाता है.
आवास से भावनात्मक जुड़ाव, भाई की शादी के कार्यक्रम भी होने थे
पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद ने कहा कि सरकारी आवास से उनका भावनात्मक जुड़ाव है. इसी वजह से उन्होंने इस बार दिवाली इसी जगह मनाने का फैसला किया. उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में उनके भाई की शादी है और आवास में शादी से जुड़े कुछ कार्यक्रम भी आयोजित होने थे. लेकिन प्रशासन की अचानक हुई कार्रवाई से उनकी योजनाएं प्रभावित हुई हैं. अम्बा प्रसाद ने कांग्रेस पार्टी पर भरोसा जताते हुए उम्मीद जताई कि पार्टी इस मामले पर संज्ञान लेगी और उनके साथ हुई कार्रवाई को लेकर उचित कदम उठाएगी.
एक साल से मिल रहा था आवास खाली करने का नोटिस: प्रशासन
इससे पहले शनिवार को रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित एचईसी परिसर के एफ टाइप सरकारी आवास को प्रशासन ने खाली कराया था. मजिस्ट्रेट जफर हसनात की मौजूदगी में भारी संख्या में पुलिस बल के जवान कार्रवाई के लिए पहुंचे थे. मजिस्ट्रेट ने बताया कि अम्बा प्रसाद को पिछले एक साल से लगातार सरकारी आवास खाली करने का नोटिस दिया जा रहा था, लेकिन उनकी ओर से आवास खाली नहीं किया गया. इसके बाद प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी. उन्होंने यह भी बताया कि अम्बा प्रसाद को व्हाट्सएप के माध्यम से संदेश भेजा गया था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
आईपीएस अधिकारी क्रांति कुमार गडीदेसी को आवंटित हुआ आवास
प्रशासन के अनुसार, अम्बा प्रसाद को आवंटित सरकारी आवास अब 2006 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी क्रांति कुमार गडीदेसी को आवंटित किया गया है. कार्रवाई के दौरान आवास में अम्बा प्रसाद को उपहार में मिला घोड़ा भी मौजूद था. दिवाली से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई के बाद मामला अब राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है. जहां अम्बा प्रसाद इसे सरकार की सोची-समझी रणनीति और भेदभावपूर्ण कार्रवाई बता रही हैं, वहीं प्रशासन का कहना है कि लंबे समय से नोटिस दिए जाने के बावजूद आवास खाली नहीं किया गया था.