यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर देशव्यापी बैंक हड़ताल की घोषणा की गई है। झारखंड में भी इसका असर बैंकिंग सेवाओं पर पड़ने की संभावना है। बैंक यूनियनों के अनुसार, 28 से 30 सितंबर 2026 तक बैंक हड़ताल रहेगी। इससे पहले 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंकिंग सेवाएं लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकती हैं।
बुधवार शाम सेंट्रल लेबर कमिश्नर, डीएफएस और यूएफबीयू के बीच हुई त्रिपक्षीय वार्ता विफल रहने के बाद यूनियनों ने हड़ताल पर जाने की घोषणा की। बैंक यूनियनें पांच दिवसीय कार्यसप्ताह समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पहले भी आंदोलन कर रही थीं।
दो हजार से ज्यादा बैंक शाखाओं पर असर की आशंका
झारखंड में करीब 3,248 बैंक शाखाएं हैं, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 1,489 बैंकिंग नेटवर्क स्थापित हैं। हड़ताल के दौरान इन शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है। हालांकि बैंक ग्राहकों के लिए डिजिटल बैंकिंग सेवाएं चालू रखने की कोशिश की जाएगी।
इन सेवाओं पर पड़ सकता है असर
हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में निम्न सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं—
काउंटर पर नकद जमा और निकासी
चेक के माध्यम से होने वाले क्लियरेंस
ऋण दस्तावेजों का सत्यापन और प्रक्रिया
बैंक शाखाओं में लॉकर ऑपरेशन
दस्तावेज जमा करने और अन्य आमने-सामने की सेवाएं
बैंकों की ओर से ग्राहकों को हड़ताल से पहले जरूरी बैंकिंग कार्य निपटाने की सलाह दी जा रही है।
ATM और डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी उपलब्ध
बैंकों की ओर से जारी सूचना के अनुसार हड़ताल के दौरान एटीएम, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई और बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट सेवाओं को चालू रखने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि शाखाओं से जुड़ी जरूरी सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
वित्त मंत्रालय ने भी बैंकों को एटीएम में पर्याप्त नकदी रखने और डिजिटल सेवाओं में व्यवधान कम से कम रखने के निर्देश दिए हैं।