झारखंड के पलामू जिले में करम पर्व के दौरान बुधवार की सुबह दो अलग-अलग घटनाओं में नदी में डूबने से छह लोगों की मौत हो गई। इनमें चैनपुर थाना क्षेत्र में कोयल नदी में डूबने से पांच बच्चों की मौत हुई, जबकि पाटन थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोरी की जान चली गई। घटना के बाद दोनों इलाकों में मातम पसरा हुआ है।

कोयल नदी में डूबे पांच बच्चे

चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द गांव से सटे बोकया गांव के समीप बुधवार सुबह करीब छह बजे बच्चे करम डाली विसर्जन के लिए कोयल नदी पहुंचे थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरे बच्चे भी नदी में उतर गए। तेज बहाव के कारण वे भी संभल नहीं सके और एक-एक कर नदी में डूब गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी तट पर पहुंचे और बच्चों को बचाने का प्रयास किया। चार बच्चों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि पांचवें बच्चे की तलाश जारी रही। सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पाटन में 17 वर्षीय किशोरी की मौत

दूसरी घटना पाटन थाना क्षेत्र के हिसरा बरवाडीह इलाके की है। यहां 17 वर्षीय सिंपी कुमारी अपनी सहेलियों के साथ करमा पर्व के झुर बहाने यानी विसर्जन के लिए गांव के पास स्थित जिंजोई नदी गई थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

करम पर्व की खुशियां मातम में बदलीं

दोनों घटनाओं के बाद संबंधित गांवों में करम पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। डालटनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया भी घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की।