झारखंड के धनबाद जिले में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। तेतुलमारी थाना क्षेत्र के काको स्थित आठ लेन मार्ग पर बुधवार शाम कोयला कारोबारी मनीष सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस फायरिंग में मनीष सिंह को गोली लग गई, जबकि उनके साथ मौजूद चंदन पासी को रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, निचितपुर कॉलोनी निवासी मनीष सिंह अपने साथी चंदन पासी के साथ काको स्थित एक होटल में पैसों के लेन-देन के सिलसिले में पहुंचे थे। बताया जाता है कि होटल के अंदर ही किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जैसे ही दोनों बाहर निकले, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

हमलावरों द्वारा सात से अधिक राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। इस दौरान मनीष सिंह की बाईं जांघ में गोली लगी। वहीं चंदन पासी पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उसके पैर की हड्डी टूट गई। घायल होने के बावजूद मनीष सिंह ने हिम्मत दिखाई और खुद ही कार चलाकर बरवाअड्डा तक पहुंचे, जहां से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बाद में दुर्गापुर रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद पुलिस ने किसान चौक के पास क्षतिग्रस्त कार बरामद की है, जिसमें कई गोलियों के निशान मिले हैं और सीट पर खून फैला हुआ था। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार, मनीष सिंह कोयला कारोबार से जुड़े हैं और बैंक के लिए रिकवरी एजेंट का भी काम करते हैं। मामले में आपसी रंजिश, कारोबारी विवाद या अन्य कारणों से हमले की आशंका जताई जा रही है। तेतुलमारी थाना पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।