झारखंड के धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। डांगी पहाड़ी के पास नाबालिग का सिर कटा शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। इस रिश्ते को लेकर युवक के परिवार में नाराजगी थी। बताया गया कि पहले भी दोनों के संबंध को लेकर विवाद हो चुका था। इसी नाराजगी के चलते नाबालिग को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
पूजा-पाठ के बहाने सुनसान जगह ले गए
जांच में सामने आया कि नाबालिग की तबीयत अक्सर खराब रहती थी। इसी बात का फायदा उठाकर उसे पूजा-पाठ कराने और परेशानी दूर करने के बहाने एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया। वहां पहले से साजिश में शामिल लोग मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को वहां ले जाने में उसकी मौसी और उसकी एक महिला परिचित की भूमिका सामने आई है।
पुलिस का दावा है कि सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने नाबालिग को पकड़ लिया और धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव से सिर अलग कर दिया गया और उसे अलग स्थान पर फेंक दिया गया।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के लिए डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और चार लोगों को गिरफ्तार किया। हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार समेत अन्य सामान बरामद किए जाने की भी बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कुल सात लोगों की भूमिका सामने आई है। चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि बाकी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।