यात्रियों की बढ़ती भीड़ और गर्मी के सीजन को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत देते हुए 25 स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। ये ट्रेनें धनबाद होकर गुजरेंगी, जिससे झारखंड और आसपास के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
यह विशेष ट्रेनें 24 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच अलग-अलग तिथियों पर चलाई जाएंगी। इनके जरिए हावड़ा, दुर्गापुर, आसनसोल जैसे प्रमुख स्टेशनों को चंडीगढ़, उदयपुर, साबरमती, वलसाड और बीकानेर जैसे बड़े शहरों से जोड़ा जाएगा।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, खातीपुरा-हावड़ा, चंडीगढ़-हावड़ा, हावड़ा-चंडीगढ़, मदार-हावड़ा, उदयपुर-आसनसोल, वलसाड-दुर्गापुर, उधना-दुर्गापुर और साबरमती-दुर्गापुर जैसे रूटों पर ट्रेनों का परिचालन होगा। इसके अलावा बीकानेर-कोलकाता और भावनगर-हावड़ा के बीच भी विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
अधिकांश ट्रेनों का ठहराव धनबाद में रखा गया है, जिससे यात्रियों को सीधे लंबी दूरी की यात्रा का विकल्प मिलेगा। रेलवे का मानना है कि इन स्पेशल ट्रेनों से छुट्टियों और गर्मी के मौसम में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मदद मिलेगी।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की तारीख, समय और रूट की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो।
