दुर्गापूजा के बाद यात्रियों की वापसी की भीड़ और दिवाली व छठ के दौरान ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने राहत देने की तैयारी की है। रेलवे ने कोलकाता से राजस्थान के जयपुर स्थित खातीपुरा के बीच धनबाद होकर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इस ट्रेन के परिचालन से झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार और राजस्थान के यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, खातीपुरा-कोलकाता स्पेशल ट्रेन 28 अक्टूबर से 18 नवंबर तक चलेगी, जबकि कोलकाता-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन का परिचालन 30 अक्टूबर से 20 नवंबर तक होगा। ट्रेन के धनबाद और गोमो स्टेशन पर ठहराव से यहां के यात्रियों को भी त्योहार के दौरान आवागमन में सुविधा मिलेगी।
जानिए ट्रेन की टाइमिंग
1. ट्रेन नंबर 09709: खातीपुरा-कोलकाता स्पेशल
यह ट्रेन 28 अक्टूबर से 18 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को खातीपुरा से शाम 3:45 बजे रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 2:50 बजे गोमो, शाम 4 बजे धनबाद पहुंचेगी और रात 10:15 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
2. ट्रेन नंबर 09710: कोलकाता-खातीपुरा स्पेशल
यह ट्रेन 30 अक्टूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को देर रात 12:30 बजे कोलकाता से रवाना होगी। शुक्रवार सुबह 6:25 बजे धनबाद और 7 बजे गोमो पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह 7:10 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
ट्रेन में होंगे 22 कोच
यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच जोड़े जाएंगे। इनमें चार स्लीपर, 13 थर्ड एसी, तीन सेकंड एसी और दो गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री दबाव को कम करने और लंबी दूरी की यात्रा को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से इस ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
कोलकाता-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन नैहाटी, बैंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी आन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, डीडीयू, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, ईदगाह, भरतपुर, बांदीकुई और दौसा स्टेशन पर रुकेगी।
धनबाद, गोमो और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए यह स्पेशल ट्रेन दिवाली और छठ के दौरान लंबी दूरी की यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी।