गोड्डा: जिले के मोतिया ओपी क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 20 पुड़िया में पैक कुल 2.78 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि खटनई और प्रतापपुर हटिया से आमड़ाकामत जाने वाली सड़क पर बरगद के पेड़ के नीचे कुछ लोग ब्राउन शुगर का सेवन और खरीद-बिक्री करने के लिए जुटे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान प्रतापपुर हटिया के पास से खटनई निवासी 19 वर्षीय सत्यजीत पासवान, 22 वर्षीय गौरव कुमार और 40 वर्षीय बालमुकुंद साह को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उनके पास से 20 पुड़िया में रखी 2.78 ग्राम ब्राउन शुगर, एक पैकेट सिगरेट और एक माचिस बरामद हुई।
इस संबंध में गोड्डा (मु.) मोतिया ओपी कांड संख्या 78/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कार्रवाई में डीएसपी आकाश भारद्वाज समेत सदर और मोतिया ओपी के कई पुलिस अधिकारी व जवान शामिल रहे।