गोड्डा विधानसभा क्षेत्र के पाथरगामा प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया, जब पूर्व विधायक अमित मंडल ने मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। उन्होंने वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के पिछले आठ महीने से लंबित होने का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
पूर्व विधायक अमित मंडल ने कहा कि पेंशन के लिए गरीब लाभुक लगातार प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहरा रही है।
अमित मंडल ने MMDR बिल का समर्थन करते हुए बालू के अवैध खनन और वसूली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बालू राज्य के अधिकार क्षेत्र में आने वाला Minor Mineral है और राज्य सरकार को अपने स्तर पर इसकी चोरी और अवैध वसूली रोकनी चाहिए।
पूर्व विधायक ने मंईयां सम्मान योजना को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास पेंशन देने के लिए पर्याप्त राशि नहीं है और अब मंईयां सम्मान योजना को बंद करने की पृष्ठभूमि तैयार की जा रही है।
अमित मंडल ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर पेंशन का भुगतान नहीं किया गया, तो गोड्डा विधानसभा क्षेत्र के अन्य प्रखंड कार्यालयों में भी इसी तरह ताला जड़कर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पेंशन लाभुक मौजूद रहे।